अनिता सिद्धार्थ बनीं भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष
समर्थकों में खुशी, बधाइयों का लगा तांता
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एससी/एसटी आयोग की पूर्व सदस्य अनिता सिद्धार्थ को अनुसूचित मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में अहम दायित्व मिलने की जानकारी होते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया।
यह खबर जिले में तेजी से चर्चा का विषय बन गई। शुभचिंतकों ने इसे संगठन में उनके अनुभव और सक्रियता को मिली नई जिम्मेदारी बताया। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनिता सिद्धार्थ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री तथा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ यह दायित्व सौंपा है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ वे अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।
समर्थकों का कहना है कि प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से जौनपुर का राजनीतिक महत्व भी बढ़ा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि अनिता सिद्धार्थ संगठन को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उनके अनुभव और सक्रियता से संगठन को प्रदेश स्तर पर नई दिशा मिलने का विश्वास जताया गया।
रिपोर्ट: संतोष कुमार
स्वदेश भारत न्यूज़

Leave a Reply